पुंछ जिले के देहरागली के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान रविवार देर रात आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई के बाद संदिग्ध घने जंगलों में भागकर छिप गए।
आतंकी देखे जाने की सूचना पर रविवार देर रात 12:30 बजे सुरनकोट पुलिस और एसओजी की टीमें माड़ा क्षेत्र में पहुंच गईं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। करीब दो बजे घने जंगलों में पहुंचने पर आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी।
आधे घंटे तक जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी भाग गए। करीब ढाई बजे गोलीबारी थमने पर पुलिस ने तलाशी अभियान आगे बढ़ाया। सोमवार को देर रात तक ऑपरेशन जारी था।
देहरागली पुंछ एवं राजोरी जिले की सीमा पर स्थित है। सर्च ऑपरेशन में पुलिस, एसओजी और राष्ट्रीय राइफल के जवान शामिल हैं। एसएसपी पुंछ रमेश अंगराल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि देहरागली से लगते अप्पर माड़ा क्षेत्र में कुछ संदिग्ध मौजूद हैं।