न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने जम्मू के सुंजवां आर्मी कैंप हमले और श्रीनगर के करन नगर हमले के पीछे अपना हाथ होने का दावा किया है। जबकि सेना के मुताबिक इस हमले को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने अंजाम दिया है।
हालांकि इस मामले की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुंजवां आर्मी कैंप पर शनिवार को हुए फिदायीन हमले की शुरूआती जांच में माना जा रहा था इसके पीछे जैश-ए-मोहम्मद के अफजल गुरू ब्रिगेड का हाथ है।
लेकिन लश्कर के आतंकियों के दावा करने के बाद मामला अब और भी गंभीर हो गया है। गौरतलब है कि लश्कर बहुत कम ही फिदायीन हमलों को अंजाम देता है। हाल ही में श्रीनगर के अस्पताल से लश्कर आतंकी नवीद जट के भागने के बाद से ही लश्कर आतंकी एक बार फिर से घाटी में उभरे हैं।
गौरतलब है कि ऑपरेशन ऑल आउट ने लश्कर के टॉप कमांडरों को मार कर उनकी कमर तोड़ कर रख दी थी। फिलहाल सेना और पुलिस की ओर से इस मामले में जांच की जा रही है। गौरतलब है कि करन नगर में आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ जारी है।