कल शोपियां में मारे गए आतंकवादियों में से एक आदिल शेख है। यह शोपियां का ही रहने वाला था। यह जम्मू-कश्मीर पुलिस में एसपीओ के पद पर भी रह चुका था। जहां से भाग कर यह आतंकी संगठन हिजबुल में शामिल हो गया था।
इसने 29 सितंबर 2018 को जवाहर नगर श्रीनगर से पीडीपी के तत्कालीन विधायक अजाज मीर के घर से 8 हथियार लूटे थे। दूसरा आतंकी वसीम वानी है। यह भी शोपियां का ही रहने वाला था। तीसरे आतंकी की पहचान जहांगीर मलिक के रूप में हुई है। वह पुलवामा जिले के अचेन इलाके का रहने वाला था।
इससे पहले 12 जनवरी को पुलवामा के त्राल में सेना ने मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया था। मारे गए आतंकियों में हिजबुल मुजाहिद्दीन का कमांडर हमाद खान भी शामिल था। हमाद का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी रही।
बता दें कि आतंकी सबजार अहमद भट्ट के मारे जाने के बाद हिजबुल मुजाहिद्दीन ने आतंकी हमाद खान को कश्मीर में आतंकवाद फैलाने की जिम्मेदारी दी थी। साथ ही उसे नया कमांडर बनाया था। आतंकी हमाद त्राल का रहने वाला था। यह आतंकी हिजबुल के पूर्व कमांडर बुरहान वानी के साथ घाटी में आतंक फैलाने का काम कर चुका था।