फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारामुला में तीन आतंकी ढेर, मेजर व दो पुलिसकर्मी घायल, आतंकियों ने दो परिवार के 12 लोगों को बना लिया था बंधक

Fri, 04 Sep 2020 08:19 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
विज्ञापन
बारामुला मुठभेड़ - फोटो : साकिब नबी
विज्ञापन

उत्तरी कश्मीर के बारामुला में शुक्रवार को मुठभेड़ में तीन आतंकी मार गिराए गए। मारे गए आतंकियों ने मासूम समेत दो परिवार के 12 लोगों को बंधक बना लिया था। इन्हें मुक्त कराकर सुरक्षा बलों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद ऑपरेशन को अंजाम दिया। मारे गए आतंकियों से हथियार बरामद किए गए हैं। 

विज्ञापन


बारामुला जिले के पट्टन इलाके के यीदिपोरा में आतंकियों के छुपे होने की सूचना पर वीरवार देर रात सेना की 29 राष्ट्रीय राइफ ल्स (आरआर), 176 बटालियन सीआरपीएफ  और एसओजी क्रीरी, पट्टन और बारामुला ने इलाके की घेराबंदी की। इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे घेरा सख्त होता देख मकान में छिपे आतंकियों ने तलाशी दल पर फायरिंग शुरू कर दी। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ शुरू होने से पूर्व आतंकियों को समर्पण का मौका दिया गया, लेकिन उन्होंने समर्पण करने के बजाय दो परिवार के 12 लोगों को बंधक बना लिया। इसमें मासूम बच्चा भी शामिल था। सभी को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बचाव कार्य के दौरान छिपे आतंकियों की ओर से फायरिंग किए जाने से सेना के एक मेजर व दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में तीन आतंकियों को मार गिराया गया है, जिनकी फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि मारे गए आतंकियों में से दो ओल्ड बारामुला के शफाकत अहमद व हनान बिलाल सोफी थे। पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकियों का संस्कार डीएनए सैंपल लेने तथा कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कर दिया जाएगा। यदि कोई मारे गए आतंकियों के लिए दावा करता है तो वह पहचान बताकर संस्कार में शामिल हो सकता है। 
विज्ञापन


पुलवामा में मुठभेड़ जारी
बारामुला मुठभेड़ के कुछ घंटे बाद दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में भी मुठभेड़ शुरू हो गई। जिले के बभारा में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया गया तो इलाके में छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फिलहाल किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है। ऑपरेशन जारी है। 

इस साल अब तक 163 दहशतगर्दों का काम तमाम
घाटी में इस साल अब तक 163 आतंकी मार गिराए गए हैं। घाटी में आतंकियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। कई टॉप कमांडरों का भी सेना ने काम तमाम कर दिया है। सितंबर महीने की पहली मुठभेड़ में शुक्रवार को दो आतंकियों को मार गिराया गया। इसके साथ ही अगस्त महीने में 16 आतंकियों को ढेर किया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें