दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान भड़की हिंसा में उमर कुमार (17) निवासी पिंजोरा शोपियां की मौत हो गई। एक दर्जन से अधिक जख्मी हुए हैं। पुलिस ने चार के घायल होने की बात कही है।
मुठभेड़ के दौरान दक्षिणी कश्मीर के कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद दी गईं। देर रात तक मुठभेड़ जारी थी। सुरक्षा बलों को शोपियां जिले के तुर्कवानगाम में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद पुलिस और सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर कासो शुरू कर दिया।
घेरा सख्त होता देख एक मकान में छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। खबर है कि घेरे में 2 से 3 आतंकी फंसे हो सकते हैं। मुठभेड़ के मद्देनजर तुर्कवानगाम की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है।