उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सैन्य सूत्रों का कहना है कि यह ऑपरेशन अभी लंबा चलेगा। इसलिए रात के समय में नजर रखने के लिए घटनास्थल पर जेनरेटर और लाइट पहुंचाकर रोशनी का बंदोबस्त किया गया है।
बांदीपोरा जिले के सुमलर गांव के शूकबबुन इलाके में वीरवार को आतंकियों की सूचना मिलने पर सेना की 14 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इलाके में घेराबंदी सख्त होती देख एक मकान में छुपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवाब जवानों ने भी दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि जवानों ने इलाके में सिविलियन की मौजूदगी को ध्यान में रखते हुए संयम से काम लिया और पहले वहां से उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया और बाद में एक बार फिर से आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। घटनास्थल पर दो आतंकियों के शव मिले हैं। सैन्य सूत्रों ने बताया कि 5 से 6 आतंकियों का ग्रुप था और माना जा रहा है कि वह लश्कर के हैं। इस बीच दोनों ओर से फायरिंग जारी रही। ऑपरेशन के लंबा खिंचने की संभावना है।