दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद हुए हैं। मौके से भाग निकले दूसरे आतंकी की तलाश में व्यापक पैमाने पर सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुलवामा जिले के काकापुरा इलाके के बेगम बाग में सुरक्षाबलों को दो आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली।
सूचना मिलते ही सेना की 55 राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप और सीआरपीएफ द्वारा इलाके की घेराबंदी की गई। उन्होंने आतंकियों को समर्पण के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सुरक्षा बलों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। आतंकियों की इस हरकत का जवानों द्वारा भी मुंहतोड़ जवाब दिया गया और मुठभेड़ शुरू हुई।