दरबार मूव के लिए वाहनों को भी लोड किया जा रहा है
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार को सप्ताह में छह दिन काम करने वाले दरबार से संबंधित कार्यालय भी बंद हो गए। ऐसे में एक नवंबर रविवार को दरबार के जम्मू आधारित कर्मचारी श्रीनगर से जम्मू के लिए सरकारी सुरक्षा व्यवस्था में रवाना होंगे।
साथ ही ट्रकों में सरकारी रिकॉर्ड भेजने का काम भी एक नवंबर से शुरू होगा। जम्मू रवाना होने से पहले सभी कर्मचारियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जाएंगे। जम्मू में नागरिक सचिवालय सहित दरबार के सभी कार्यालय नौ नवंबर को खुलने हैं।
कोरोना रिपोर्ट में निगेटिव आने वाले कर्मचारियों को ही कार्यालय में जाने की अनुमति दी जाएगी। श्रीनगर से जम्मू रवाना होने वाले सभी कर्मचारियों को 25 हजार का विशेष मूवमेंट अलाउंस दिया जाएगा।
नौ नवंबर को जम्मू में सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक नागरिक सचिवालय में कामकाज होगा। वहीं नागरिक सचिवालय के बाहर काम करने वाले दरबार मूव के कार्यालयों में कामकाज का समय सुबह दस से शाम चार बजे तक होगा।