जम्मू। सभी सरकारी विभागों बीते दो माह से हड़ताल पर चल रहे अस्थायी कर्मियों ने काम पर लौटने का फैसला लिया है। बुधवार को नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर भाजपा नेताओं के साथ कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने एलजी मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान एलजी ने आश्वासन दिया कि अचार संहिता हटने के बाद अस्थायी कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से स्थायी किया जाएगा। आश्वासन मिलने पर वीरवार को बीसी रोड स्थित जलशक्ति कार्यालय के बाहर ऑल डिपार्टमेंट कैजुअल लेबर युनाइटेड फ्रंट ने सभी जिला अध्यक्षों और महासचिवों के साथ बैठक की। इसमें फैसला लिया कि सभी अस्थायी कर्मी काम पर वापस लौटेंगे और 15 जनवरी तक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। युनाइटेड फ्रंट के पदाधिकारियों ने समर्थन के लिए भाजपा नेताओं का आभार जताया।
गौर हो कि बीते दो महीने से अस्थायी कर्मी पक्की नौकरी, वेतन बढ़ाने और नियमित वेतन आदि की मांग को लेकर काम छोड़ हड़ताल पर हैं। इसके कारण लोगों को त्योहारी सीजन में पानी और अन्य सेवा न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों के काम पर लौटने से आम जनता को फिर से समय पर पानी और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी। वीरवार को हुई बैठक में अखिल शर्मा, राजन शर्मा, अजय कुमार, वसंत सिंह, देवी दास, भानु प्रताप सिंह, पूर्ण चंद, काला राम, नरेंद्र कुमार, राजिंद्र सिंह, रवि हंस, ज्योति प्रकाश, नवदीप सिंह, होशियार सिंह आदि मौजूद रहे।