अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) विजयपुर को आगामी सितंबर-अक्तूबर में शुरू करने की तैयारी की जा रही है। एम्स के लिए 100 प्रतिशत आरसीसी ढांचे का निर्माण करने के साथ ओवरआल 80 प्रतिशत तक काम पूरा करने के दावे किए गए हैं।
एम्स तक मरीजों का आवागमन सरल हो इसके लिए एम्स प्रशासन ने रेल मंत्रालय और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को विजयपुर रेलवे स्टेशन का विस्तार करके वहां लगभग ट्रेनों का ठहराव करने के लिए लिखा है। इसके साथ बाड़ी ब्राह्मणा से आगे विजयपुर तक मेट्रो प्रोजेक्ट का विस्तार करने को कहा गया है।
एम्स के शुरू होने पर लद्दाख, जम्मू कश्मीर के अलावा पंजाब (पठानकोट से जुड़े क्षेत्र) और हिमाचल प्रदेश के लोगों को सीधा चिकित्सा लाभ मिलेगा। विजयपुर रेलवे स्टेशन से एम्स की दूरी लगभग तीन किमी. है। लेकिन मौजूदा इस स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव नहीं हो रहा है।
एम्स के निदेशक डा. शक्ति गुप्ता ने बताया कि रेल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को विजयपुर रेलवे स्टेशन का विस्तार और यहां ट्रेनों का ठहराव के लिए दूसरी बार लिखा गया है। हम चाहते हैं सड़क मार्ग के अलावा ट्रेन से यात्री आसानी से एम्स तक पहुंच सके। विजयपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव हो जाने पर यात्रियों को राहत मिलेगी।
उम्मीद है कि एम्स के शुरू होने से पहले केंद्रीय मंत्रालय इसे गंभीरता से लेंगे। इसके साथ भविष्य में मेट्रो प्रोजेक्ट का बाड़ी ब्राह्मणा से विजयपुर तक विस्तार होने पर जम्मू से आसानी से मरीज पहुंच पाएंगे। संसद में इसकी मांग की जा चुकी है। एम्स के नार्थ और साउथ कैंपस को आपस में जोड़ने के लिए चार पाथ वे का निर्माण किया जाएगा। इसमें दो वाहनों और दो पैदल चलने के लिए रहेंगे। एम्स के लिए 111 संकाय सदस्यों के लिए शीघ्र पद विज्ञापित किए जा रहे हैं, ताकि सभी 183 संकाय सदस्यों की सितंबर तक भर्ती कर ली जाए। अभी तक 72 संकाय सदस्य उपलब्ध हैं।