कड़ाके की ठंड में बिजली ढांचे पर ओवरलोड बढ़ गया है। उपभोक्ताओं की ओर से गीजर, हीटर और अन्य उपकरणों का जमकर प्रयोग किए जाने के चलते विभाग के लिए मतदान के दिन बीस दिसंबर को नियमित बिजली आपूर्ति करना भी चुनौती बन गया है। कोहरे से भी बिजली ढांचे को नुकसान की आशंका बनी हुई है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से ठंड में इजाफा होने के साथ-साथ कोहरे की वजह से बिजली ढांचे पर ओवरलोड लगता बढ़ता जा रहा है। इस वजह से बिजली विभाग को नियमित बिजली सप्लाई करने में भी मुश्किल पेश आ रही है। कोहरे से बिजली कंडक्टरों और लाइनों के स्नैप होने की आशंका भी बनी रहती है।
दूरदराज और पहाड़ी इलाकों में बिजली की सप्लाई इस वजह से प्रभावित हो रही है। वहीं मैदानी इलाकों में भी समस्या आनी शुरू हो गई है। बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सुनील कुमार का कहना है कि ठंड में बढ़ोतरी की वजह से उपभोक्ताओं की ओर से बिजली का प्रयोग भी बढ़ गया है।
इस वजह से बिजली ढांचे पर ओवरलोड बढ़ा है। उनका कहना है कि बीस दिसंबर को जम्मू जिले में मतदान के दिन बिजली विभाग पूरी कोशिश करेगा कि नियमित बिजली आपूर्ति हो।