फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: नहीं मिल रही 24 घंटे बिजली, स्मार्ट मीटर वाले क्षेत्रों में कटौती नहीं करने का था वादा

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

जम्मू। सरकार ने वादा कर निर्देश भी दिए थे कि जिन इलाकों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं और नियमित बिजली बिल का भुगतान करने वाले क्षेत्रों में बिजली की कटौती नहीं होगी। इसके बावजूद भीषण गर्मी में लोगों को लंबे कट झेलने पड़ रहे हैं। सरकार के दावे और वादे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। अब कट लगने से पानी की समस्या बढ़ती जा रही है। पांच से छह घंटे तक की बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। दोपहर बाद ज्यादा कट लग रहे हैं क्योंकि इस पीक आवर में बिजली की खपत बढ़ जाती है। बुधवार को भी शहर के सभी इलाकों में ऐसा ही हाल रहा।
शहर में बख्शीनगर, राजपुरा, तालाब तिल्लो, भगवती नगर, जानीपुर, पुराने शहर के जैन बाजार, मोती बाजार, पुरानी मंडी, मुबारक मंडी, बस स्टैंड, प्रेम नगर सहित कई इलाकों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। इन इलाकों में भी लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी भी नजर आ रही है।
विज्ञापन

बिजली न आने के कारण अब पानी की समस्या विकराल हो गई है। हालत यह है कि शहर के कई इलाकों में पानी आने का समय घटकर 15 से 20 मिनट ही रह गया है। बिजली न होने के कारण अधिकांश जगहों में पानी नहीं आ रहा है। बाहु फोर्ट के कासिम, शेख नगर, कालिका कालोनी, नरवाल, सुजवां, बठिंडी, कुंजवानी, सैनिक कालोनी, जुलाखा मोहल्ला, जैन बाजार, लाजपत नगर, कैनाल हेड, भगवती नगर, गोल गुजराल, कृष्णा नगर इलाके में पानी की किल्लत रही। लोगों को पानी की आपूर्ति टैंकरों से करवानी पड़ती है।

कितनी रही बिजली की डिमांड
बुधवार को तापमान बढ़ोतरी के कारण बिजली की मांग 1550 मेगावाट रही। जैसे ही लोड बढ़ा तो ट्रांसफार्मर ट्रिप करने लगे। इस कारण भी अधिकांश जगहों में बिजली कट लगे। इसके अलावा खानपुर, नरवाल और रायपुर सतवारी में ट्रांसफार्मर भी जले। बाद में नए ट्रांसफार्मर लगने के बाद आपूर्ति हुई।
पानी के टैंकरों के लिए 600 से ज्यादा फोन काल
घरों में टंकियां खाली होने के कारण लोग पानी के टैंकरों के लिए बुकिंग करते रहे। जलशक्ति विभाग में 600 से ज्यादा फोन काल आए। इसमें 300 टैंकरों की आपूर्ति हुई है। निजी टैंकरों से भी लोग आपूर्ति करवाते रहे।


ओवरहेड टैंकों के मोटर भी बंद, कम हो रही आपूर्ति
बिजली की आंखमिचौली के कारण ओवरहेड टैंकरों के मोटर भी बंद रहे। इस कारण पानी के टैंक पूरी तरह से भर नहीं पा रहे हैं। इस कारण भी कम समय तक शहर में पानी की आपूर्ति हो रही है। वहीं, बिजली न होने के कारण मोहल्लों और शहरों में पानी की आपूर्ति के लिए मोटर नहीं चल रहे हैं। इस कारण भी परेशानी है। शहर को 52 एमजीडी पानी की जरूरत होती है।
विज्ञापन


-
मांग: स्मार्ट मीटर वाले इलाकों में न लगे बिजली कट
वार्ड नंबर 31 के पूर्व पार्षद सुच्चा सिंह ने कहा कि तालाब तिल्लो और आसपास इलाकों में पानी किल्लत गहरा गई है। दूसरा बिजली कटौती सबसे ज्यादा हो रही है। स्मार्ट मीटर लगे हैं, बिल भी दे रहे हैं, इसके बावजूद भी कटौती है। इस कारण लोग परेशान हैं। बख्शी नगर के पूर्व पार्षद गौरव चोपड़ा ने कहा कि गुढ़ा बख्शी नगर सहित पूरे वार्ड में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। स्मार्ट मीटर वाले इलाकों में बिजली कटौती न हो। वार्ड नंबर 48 के पूर्व पार्षद शाम लाल बस्सन ने कहा कि कालिका कालोनी, शेख नगर, कासिम नगर में चौथे दिन भी पानी नहीं आया है। बिजली कटौती जारी है।
-
कोट
तापमान बढ़ोतरी के कारण परेशानी आ रही है। इसका समाधान करवाया जा रहा है। लोड बढ़ने पर कटौती हो रही है। तापमान सामान्य होने पर कटौती कम होगी।
- केके थापा, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें