श्रीनगर और जम्मू शहर में 200 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की तैयारी है। औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। यह बात आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव धीरज गुप्ता ने इलेक्ट्रिक बस परियोजना की प्रगति पर हुई बैठक में कही।
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) और श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (एसएससीएल) परियोजना क्रियान्वयन एजेंसियां हैं। बैठक के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेएससीएल राहुल यादव ने दोनों शहरों में इलेक्ट्रिक बस सेवा जल्द शुरू करने की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति और संचालन के लिए मेसर्स टाटा मोटर्स लिमिटेड से संपर्क किया गया है।
बैठक में यह भी बताया गया कि जल्द ही दोनों सेवा प्रदाताओं के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। ई-बस सेवाओं महत्वपूर्ण परियोजना है। परिवहन के स्वच्छ तरीके को अपनाने की दिशा में एक बड़ी भूमिका निभाएगी। धीरज गुप्ता ने परियोजना निष्पादन एजेंसियों को प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी मौजूदा बाधाओं को जल्द से जल्द दूर करने के लिए कहा।
उन्होंने प्रमुख सचिव को बताया कि जम्मू में चार्जिंग और पार्किंग डिपो स्थापित करने के लिए भूमि को अंतिम रूप दे दिया गया है। श्रीनगर में कुछ स्थानों को इसके लिए चुना गया है। प्रमुख सचिव ने एसएससीएल को बस डिपो की स्थापना के लिए भूमि चयन को कहा। उन्होंने सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए एसएससीएल के लिए समय सीमा भी निर्धारित की। उन्होंने दोनों सेवा प्रदाताओं को अन्य आवश्यक तौर-तरीकों को पूरा करने के अलावा जमीनी सर्वेक्षण शुरू करने के लिए श्रीनगर जाने के लिए कहा।
उन्होंने परियोजना के शीघ्र निष्पादन के लिए महाप्रबंधक वित्त जम्मू स्मार्ट सिटी को दोनों शहरों के लिए नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया और सेवा प्रदाताओं को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रमुख सचिव ने बताया कि दोनों राजधानी शहरों में मार्गों की पहचान करने की प्रक्रिया भी चल रही है जो राजस्व प्राप्ति का साधन बनेंगी। दोनों शहरों में इलेक्ट्रिक बसों के चालू होने से प्रदूषण का स्तर कम करने में अहम भूमिका होगी।
बसों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों को रियल टाइम यात्री सूचना प्रणाली, लाइव ट्रैकिंग, पैनिक बटन, लोकेशन सिस्टम, सीसीटीवी, स्टॉप रिक्वेस्ट सिस्टम, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान और अन्य जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।