लेह/जम्मू। लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद लेह की तिमिस्गाम सीट के उप चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। 26 सदस्यीय परिषद में भाजपा सत्ता में हैं, लेकिन उप चुनाव में पार्टी को 273 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। पहली बार चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस प्रत्याशी ताशी टुंडुप 861 वोट लेकर जीत गए। भाजपा के दोरजे नामग्याल को 588 वोट मिले। उपचुनाव के लिए 13 सितंबर को वोट डाले गए थे, जिसमें 98.7 फीसदी मतदान हुआ था। 14 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।
26 सदस्यीय परिषद के अक्तूबर 2020 में चुनाव हुए थे, जिसमें भाजपा ने 15 सीटें जीतकर सत्ता पर कब्जा बरकरार रखा। कांग्रेस को नौ और दो निर्दलीय जीते थे। इसी साल मई में तिमिस्गाम से कांग्रेस के पार्षद सोनम दोरजे का निधन होने से सीट खाली हो गई थी। ताशी टुंडुप ने कहा कि भाजपा के अनुभवी प्रत्याशी के सामने पहली बार चुनाव लड़कर जीतने से बेहद खुश हूं। सभी मतदाताओं के लिए जी जान से काम करूंगा।
जयराम रमेश ने भाजपा, आजाद पर ली चुटकी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने तिमिस्गाम सीट पर उप चुनाव के नतीजे आने पर ट्वीट किया कि मोदी, शाह और आजाद के लिए ब्रेकिंग न्यूज आई है। कांग्रेस पार्टी ने लद्दाख परिषद की तिमिस्गाम सीट पर उप चुनाव जीत लिया है। लद्दाख जिला कांग्रेस कमेटी को बधाई।