जम्मू। जम्मू चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में मतदान में केवल कुछ ही दिन बाकी हैं। अब उम्मीदवारों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर समस्या का निदान करने का वादा उम्मीदवार कर रहे हैं। केवल 2209 मतदाता ही इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसे में हर उम्मीदवार कोशिश कर रहा है कि वह प्रत्येक मतदाता से संपर्क करें उसे अपने पक्ष में लाएं।
अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें पूर्व अध्यक्ष वाई वी शर्मा, राकेश गुप्ता के अलावा अरुण कुमार गुप्ता के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तीनों उम्मीदवार अनुभवी हैं और ऐसे में मुकाबला कांटे का है। इसी तरह अन्य पदों पर भी कांटे की टक्कर तय है।
चैंबर चुनाव में सचिव पद के उम्मीदवार अश्विनी शर्मा का कहना है कि मतदान में चंद दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में प्रचार अभियान अब जोर-शोर से चल रहा है। उनका कहना हैं कि जम्मू में ट्रांसपोर्ट नगर में सड़कों की हालत खस्ता हैं। व्यापारियों के हित से जुड़े मुद्दों को हर उम्मीदवार जोरशोर से उठा रहा है। 17 जनवरी को सुबह साढ़े दस से शाम चार बजे तक मतदान होगा और उसी दिन चुनाव के नतीजे भी आ जाएंगे।