जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के चुनाव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कोर्ट ने चार माह के भीतर चैंबर के चुनाव करवाने को कहा गया है। इसमें प्रधान, वरिष्ठ उपप्रधान, सहायक उपप्रधान, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव करवाए जाएंगे। न्यायालय के आदेश के मुताबिक 2017 से पहले योग्य मतदाता ही इस चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे। इसमें करीब 2400 मतदाता चुनाव में शामिल हुए थे। हालांकि चैंबर के साथ करीब 500 नए सदस्य जुड़े हैं। चुनाव को लेकर विभिन्न खेमों में सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं।
इससे पहले 2017 में प्रतिष्ठित चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के चुनाव करवाए गए थे। आधिकारिक तौर पर चैंबर का कार्यकाल दो साल का होता है, लेकिन पूर्व चैंबर कमेटी के कार्यकाल को बढ़ाने पर न्यायालय में चुनौती दी गई थी। इसके बाद सरकार को अगले चार माह में चैंबर के चुनाव करवाने के लिए कहा गया है। हालांकि चैंबर के चुनाव के लिए कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन चुनाव को लेकर विभिन्न पदों पर दावेदारी शुरू हो गई है। इसके लिए कई सदस्य सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को संबंधित पदों की दावेदारी के लिए बता रहे हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद प्रचार का दौर चलेगा। इस बार चुनाव में पुराने चेहरों के साथ कई नए चेहरे भी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। संभाग के कारोबारी जगत में यह सबसे महत्वपूर्ण चुनाव होते हैं। इस बार यह चुनाव दिलचस्प होने जा रहे हैं। कोर्ट ने चुनाव के लिए रिसीवर तैनात किए हैं। पूर्व न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि अभी चुनाव के लिए कोई तारीख तय नहीं की गई है। चैंबर सदस्यों के लंबित भुगतान का ब्योरा जुटाया जा रहा है। इसमें 2017 से पहले योग्य मतदाताओं को ही मतदान का अधिकार होगा।