जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग ने 18 फरवरी तक अधिकारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने की हिदायत दी है। आयोग के ताजा आदेश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने अनुपालन रिपोर्ट 20 फरवरी तक देने को कहा है ताकि आयोग को इस बात से अवगत कराया जा सके।
माना जा रहा है कि राज्य प्रशासनिक परिषद (एसएसी) की प्रस्तावित बैठक में प्रशासन तथा पुलिस विभाग में व्यापक पैमाने पर फेरबदल को मंजूरी दी जा सकती है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में कहा गया है कि पिछले दिनों आयोग की ओर से दिए गए निर्देशों के अनुरूप तबादला की प्रक्रिया 18 फरवरी तक हर हाल में पूरी कर ली जाए। सूत्रों के अनुसार लंबे समय से जमे अधिकारियों की सूची तैयार कर ली गई है।
इनमें आईएएस, आईपीएस तथा केएएस-केपीएस अफसर शामिल हैं। तबादला सूची को राज्यपाल की अध्यक्षता वाली एसएसी की ओर से मंजूरी दी जाएगी। पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों का तबादला शुरू कर दिया गया। पिछले दिनों कई इंस्पेक्टरों का रेंज में तबादला किया गया है।
आयोग ने पिछले दिनों विस्तृत दिशा-निर्देश भेजकर हिदायत दी थी कि किसी भी अधिकारी की गृह जनपद में तैनाती नहीं होनी चाहिए। निष्पक्ष तथा पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए अधिकारियों का तबादला किया जाना है। इसमें यह भी हिदायत दी गई थी कि यदि किसी अधिकारी के खिलाफ चुनाव के दौरान पक्षपात किए जाने की शिकायत मिले तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।