जम्मू। शहर में बुधवार को बिजली के कट लगने के कारण लोगों के पसीने छूटते रहे। बुधवार को दिन में तीन से चार बार कट लगे। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी हुई।
गर्मी के कारण बिजली की डिमांड बढ़ती जा रही है। बिजली की पिक डिमांड 1300 मेगावाट के करीब रही है। इस कारण लोगों को ज्यादा कट सहन करने पड़े हैं। मौजूदा बिजली ढांचा 1200 मेगावाट तक ही लोड उठा पाता है। इस कारण जैसे ही लोड बढ़ता है, तो कट लगने लगते हैं। वहीं, रात के समय भी लोगों को लंबे कट का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली गुल होने पर लोगों को खुली जगहों में समय व्यतीत करना पड़ रहा है। हालांकि बारिश होने के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन उमस बढ़ने के कारण लोग एसी और कूलर का प्रयोग कर रहे हैं। इस कारण बिजली का लोड बढ़ता जा रहा है। इससे ट्रांसफार्मर भी जल रहे हैं। एक्सईएन पीडी सिंह ने कहा कि समस्या का निदान किया जा रहा है, जहां पर ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, वहां ज्यादा क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं।