एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत एनसीसी निदेशालय जम्मू-कश्मीर और लद्दाख ने छह दिवसीय ऑनलाइन शिविर लगाया है। इसमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तर पूर्वी क्षेत्र से चिन्हित 250 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। शनिवार को करवाए वर्चुअल कार्यक्रम में युवाओं ने संस्कृति और परंपराओं के बारे में जाना। यह शिविर ब्रिगेडियर एनआर बाबू के मार्गदर्शन में लगाया गया है।
शिवर में उत्तर पूर्वी क्षेत्र के साथ डोगरी, कश्मीरी सीखने के अलावा इन भाषाओं पर बातचीत की गई। यहां के विभिन्न पकवानों, पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बारे में सीखने के संसाधनों को साझा किया गया। प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी करवाई गई।
बता दें कि इस अभियान की शुरुआत 31 अक्तूबर, 2015 को सरदार वल्लभभाई पेटल की 140वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक, परंपराओं के बीच समझ और संबंध बढ़ाना है, जिससे भारत की एकता और अखंडता मजबूत होगी।
शिविर का उद्देश्य इसमें भाग लेने वाले एनसीसी कैडेट के बीच एकता और राष्ट्रीयता की भावना को बढ़ावा देना है। शिविर के विषयों में इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, अच्छी प्रथाओं, सांस्कृतिक विरासत, त्योहारों, रीति-रिवाजों और राज्यों की परंपराओं को शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें- कोरोना से जंग में वैक्सीन ही बड़ा कवच: टीकाकरण के बाद यह एहतियात बरतें, लापरवाही मत करें