प्रदेश में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 16 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। सभी मामले कश्मीर संभाग के हैं। अब प्रदेश में पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 581 पहुंच गया है। इनमें 381 मामले सक्रिय हैं, जिसमें जम्मू संभाग में 10 और 371 मामले कश्मीर संभाग से हैं।
कश्मीर में बुधवार को 11 और जम्मू संभाग में पांच मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जम्मू के सीडी अस्पताल से तीन लोगों को स्वस्थ होने के बाद घर भेजा गया है। उधर, कश्मीर में आए नए पॉजिटिव मामलों में अनंतनाग में नौ, बडगाम में चार, श्रीनगर, बारामुला और कुलगाम में एक-एक मामला शामिल है। अब तक जम्मू संभाग में एक और कश्मीर संभाग में सात लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
जम्मू संभाग के नौ जिलों में हफ्ते से कोई मामला नहीं
जम्मू संभाग के नौ जिलों में पिछले एक हफ्ते से कोई भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। बीते दिनों रियासी से एक मामला रिपोर्ट हुआ था लेकिन अन्य जिलों में फिलहाल राहत है। संभाग के 10 जिलों में अभी महज 10 पॉजिटिव मामले ही सक्रिय हैं और इनमें 90 फीसदी पुराने मामले हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि संभाग में उन्हें कोरोना की चेन को तोड़ने में सफलता मिली है।