अप्रैल में शुरू की गई आठ समर स्पेशल ट्रेनें जून के अंत में बंद हो जाएंगी। 26 जून से इन ट्रेनों के बंद होेने की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। वहीं यात्री रेलवे की तरफ से इन ट्रेनों के विस्तार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
अगर इन ट्रेनों का विस्तार नहीं किया जाता है तो अमरनाथ यात्रा के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
मार्च और अप्रैल में रेलवे की तरफ से गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ रही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए जम्मू और कटड़ा के लिए 15 के करीब समर स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। ज्यादातर ट्रेनों के चलाने की अवधि जून के अंत या एक जुलाई तक है। 04411, 04412 दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल 30 जून को आखिरी बार दिल्ली से चलेगी और एक जुलाई को आखिरी फेरा कटड़ा से लगाएगी।
04401, 04402 आनंद विहार टर्मिनल उधमपुर एक्सप्रेस 30 जून को आनंद विहार से एक जुलाई को उधमपुर से आखिरी बार चलेगी। इसी तरह से 04971, 04972 जम्मू-उदयपुर एक्सप्रेस जम्मू से 30 को और उदयपुर से एक जुलाई को अंतिम बार चलेगी। 04503, 04504 कालका-कटड़ा स्पेशल दोनों तरफ से 30 जून को अंतिम बार चलेगी।
04926, 04925 जम्मू-हरिद्वार स्पेशल 26 जून को जम्मू से और 28 जून को हरिद्वार से आखिरी बार चलेगी। 05029, 05030 गोरखपुर- जम्मू तवी स्पेशल गोरखपुर से 28 जून को और जम्मू से 30 जून को आखिरी बार चलेगी।
09205, 09206 भावनगर जम्मू तवी स्पेशल 28 जून को भावनगर से और 30 जून को जम्मू से आखिरी बार चलेगी। इसके साथ ही बांद्रा टर्मिनस-जम्मू तवी स्पेशल 30 जून को आखिरी बार जम्मू से चलेगी।