ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में अधिकतर इलाकों में करीब एक महीने के बाद बाढ़ का पानी निकलने के बाद अब लोग अपने आशियानों की साफ सफाई में जुट गए है। जवाहर नगर बख्शी स्टेडियम सड़क को यातायात के लिए खोला दिए जाने से भी लोगों को काफी राहत मिली है।
बाढ़ के कहर के बाद साफ सफाई में समय लगना तो तय है पर लोगों को बाढ़ का पानी निकलने के बाद काफी सुकून मिला है। शनिवार को राजबाग, जवाहर नगर, गोगजी बाग आदि इलाकों में दुकानदार और लोग अपने घरों और दुकानों की साफ सफाई में जुटे रहे।
बाढ़ का पानी निकलने के बाद जवाहर नगर बख्शी स्टेडियम सड़क को खोल देने की वजह से भी लोगों को काफी राहत मिली है। वाहनों से लोगों का आना-जाना भी शुरू हो गया है। जीरो ब्रिज रोड को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। लोगों का कहना है कि बाढ़ से काफी नुकसान हो चुका है।
अब हालात को पटरी पर लाने के लिए कड़ी मशक्कत हो रही है। पीएचई विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति को अधिकतर इलाकों में बहाल किया गया है, लेकिन बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से बहाल होने में अभी कई दिन लग सकते हैं।