देर शाम तक अधिकतर आग पर काबू पाया गया
पुंछ। मेंढर में भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर स्थित कृष्णा घाटी सेक्टर के अग्रिम क्षेत्र में स्थित जंगलों में नियंत्रण रेखा के उस पार से आई आग सोमवार दूसरे दिन भी दिन भर जारी रही। इसके चलते आज भी नियंत्रण रेखा पर बारूदी सुरंगों में विस्फोट होता रहा। हालांकि इस आग पर काबू पाने के लिए दिन भर सेना एवं वन विभाग के कर्मचारी जी जान से जुटे रहे।
देर शाम तक अधिकतर क्षेत्र में आग पर काबू पा लिया था। इसके बावजूद सेना और वन विभाग पूरी तरह से सतर्क हैं कि कहीं आग दोबारा से न भड़क उठे। गौरतलब है कि रविवार देर शाम को जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्र स्थित जंगलों को पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र से लगाई गई आग ने चपेट में ले लिया था। इस कारण पिछले काफी दिनों से बने हुए खुष्क मौसम के चलते आग तेजी से बढ़ते हुए नियंत्रण रेखा पर दुश्मन की घुसपैठ को रोकने के लिए बनाई गई माइन फील्ड तक पहुंच गई थी।
इससे वहां दबाई गई बारूदी सुरंगें आग की गर्मी से फटने लगी थी और उनमें जोरदार विस्फोट होने लगे थे, जिनकी आवाजें नियंत्रण रेखा के आस पास के क्षेत्रों में सुनाई दे रही थी। कल देर शाम को इस पार आई आग आज देर शाम तक बदस्तूर जारी रही। इसके चलते आज भी दर्जनों बारूदी सुरंगों में विस्फोट हुआ। परंतु सेना एवं वन विभाग ने कड़े प्रयासों से आग पर काबू पाने में सफलता हासिल कर ली।