- जम्मू विवि के फोटोग्राफी क्लब ने किया ऐतिहासिक धरोहर का भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के फोटोग्राफी क्लब ने रविवार को मुबारक मंडी और पुराने शहर का भ्रमण किया। डुग्गर दर्पण के तहत करवाए गए 10 दिवसीय क्लब उत्सव के दौरान छात्रों ने इन ऐतिहासिक धरोहरों की तस्वीरें कैमरे में कैद कीं।
क्लब ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (क्षेत्रीय शाखा जम्मू) के सहयोग से यह कार्यक्रम करवाया। यह आयोजन डॉ. प्रीतम सिंह ने प्रो. प्रमिल कुमार की अध्यक्षता में करवाया। विवि के विभिन्न विभागों से 30 से अधिक छात्रों, शोधार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने इसमें भाग लेकर जम्मू की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के बारे में जाना। रविवार सुबह छात्र मुबारक मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने वास्तुकला आदि की जानकारी जुटाई। बताया गया कि मुबारक मंडी परिसर डोगरा राजाओं के शाही निवास के रूप में प्रयोग किया जाता था। इस क्षेत्र की कला और संस्कृति को संजोकर रखा गया है। इसके बाद छात्र पुराने शहर के बाजार में पहुंचे। उन्होंने यहां स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन, रहन-सहन और इमारतों की अनूठी वास्तुकला को जाना।
-
सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने पर दिया जोर
समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह ने फोटोग्राफी और कला के अन्य रूपों के माध्यम से जम्मू की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया। मुख्य वक्ता प्रो. प्रमेल कुमार ने छात्रों को फोटोग्राफी के लिए जुनून की खोज जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। जम्मू विवि के पुस्तकालय विज्ञान विभाग की डॉ. मेघना धर भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने छात्रों को डोगरा राजवंश के इतिहास के बारे में बताया। डोगरा विरासत और संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों को जारी रखने के लिए वीसी प्रो. उमेश राय ने प्रतिभागियों की प्रशंसा की।