बाड़ी ब्राह्मणा। ब्लॉक की पंचायत अपर कार्थोली के सरकारी मिडिल स्कूल तकार में समस्याओं का अंबार लगा है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। स्कूल में बच्चों की संख्या 34 है। स्कूल की चारदीवारी नहीं है, जिससे लावारिस पशु अंदर घूमते रहते हैं।
बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। कंडी क्षेत्र होने के कारण स्कूल में जहरीले सांप बिच्छू का डर रहता है। बावजूद इसके शिक्षा विभाग संज्ञान नहीं ले रहा है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पिछले वित्तीय वर्ष के अनुसार स्कूल में आया दो लाख रुपये का फंड लैप्स हो गया। दूसरी ओर स्कूल में पीने के पानी की इतनी किल्लत है कि बच्चों को तरसना पड़ता है। स्कूल में 4 से 5 दिन के बाद पानी की सप्लाई होती है। वह भी जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मिन्नतें करने के बाद होती है। स्कूल में बच्चे एक खड्ड को पार करने के उपरांत पहुंचते हैं। बरसात में खड्ड में पानी आ जाता है, जिससे बच्चों के बह जाने की भी आशंका रहती है।
स्कूल में स्टाफ के लिए छह पोस्ट मंजूर हैं, जिसमें एक टीचर का पद खाली है। हैरत की बात यह है कि हेड मास्टर का काम भी एक टीचर ही इंचार्ज बनकर देख रहा है। स्कूल में हेड मास्टर मास्टर ग्रेड होना चाहिए, लेकिन टीचर ही हेड मास्टर का काम देख रहा है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
-----------
स्कूल की चारदीवारी को लेकर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। अगर खुले में बच्चे पढ़ रहे हैं तो यह दुखद बात है। उसके अलावा बच्चों को पानी, बिजली की सुविधा से महरूम नहीं रहना चाहिए, जिसके लिए जो भी कमेटी स्कूल में बनाई जाती है, उनको इस मुद्दे को तत्काल सुलझाना चाहिए। खड्ड के ऊपर पुलिया को लेकर सरपंच, बीडीसी और डीडीसी सदस्य से बात की जाएगी।
-जसवंत सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी।
-------
स्कूल के बच्चों को जितनी प्राथमिकता मिलनी चाहिए, नहीं मिल पा रही है। शिक्षा विभाग और अन्य विभाग को इन मुद्दों का संज्ञान लेना चाहिए। ताकि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले।
-तरसेम सिंह, सरपंच, अपर कार्थोली