बाड़ी ब्राह्मणा। पुरमंडल ब्लॉक की पंचायत देओन के गुगानजी गांव के लोगों ने जोनल शिक्षा अधिकारी (जेडईओ) का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पांच साल से गुगानजी प्राइमरी स्कूल को कुंड मिडिल स्कूल से अटैच कर दिया गया। क्योंकि स्कूल में मात्र 4 से 5 बच्चे ही रह गए थे।
लोगों ने कहा कि गुगानजी से कुंड का रास्ता दो किलोमीटर का है। जो पथरीला है, और बारिश में नालों से होकर गुजरता है। बच्चों का स्कूल जाना खतरनाक है। लोगों ने बताया कि 30 मार्च को वह डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट से मिले। उन्होंने स्कूल को दोबारा से खोलने का आदेश जारी किया। उसके अगले दिन ही एक टीचर के साथ स्कूल खोल दिया गया। उसके बाद से स्कूल में कोई शिक्षक नहीं आया। जब लोगों ने जेडईओ से बात की तो उन्होंने कहा कि जब तक पहली कक्षा में 20 या उससे अधिक बच्चे नहीं होते हैं तब तक स्कूल में कोई शिक्षक नहीं भेजा जा सकता। उन्होंने स्कूल खोलने के लिए मना कर दिया। मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने जेडईओ के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और उनका पुतला भी जलाया।
-----
चीफ एजुकेशन ऑफि सर ने कहा था कि स्कूल में जाएं और देखे वहां क्या मसला है। मैंने खुद दो बार जाकर स्कूल में विजिट की और वहां एक शिक्षक को लगा दिया। साथ में लोगों को कहा कि वह नए दाखिले के लिए लोगों को कहें, क्योंकि स्कूल को दोबारा से बहाल करने के लिए कम से कम 20 बच्चों का होना जरूरी है। कुंड स्कूल में गुगानज़्ी के चार बच्चे जा रहे हैं । जब तक 10 से 15 दाखिले स्कूल में नहीं हो जाते, तब तक स्कूल को बहाल नहीं किया जा सकता। यह स्कूल सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत खोला गया है।
-ठाकुर दास, जेडईओ, पुरमंडल
-------
क्षेत्र में और भी स्कूल ऐसे हैं जहां पर बच्चे कम और टीचर ज्यादा हैं। डगेर प्राइमरी स्कूल में एक बच्चा और 2 शिक्षक हैं। दूसरा कटिन प्राइमरी स्कूल में 8 बच्चे और 3 शिक्षक हैं। अगर गुगानजी स्कूल में लगातार दो टीचर आते हैं तो यहां भी 15 से 20 बच्चे हो जाएंगे, लेकिन कम से कम स्कूल को लगातार खोला जाए। अगर स्कूल खुलता है तो हम विश्वास दिलाते हैं कि 15 से 20 बच्चे यहां पढ़ने के लिए तैयार हो जाएंगे।
-गिरधारी लाल, पंच, पंचायत देओन, वार्ड-4