जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में पांच अगस्त से विधि विभाग के साथ कई अन्य विभागों की परीक्षाएं ली जा रही हैं। इसी बीच कोरोना संक्रमण फिर रुकावट बन गया है। विधि विभाग के पहले सेमेस्टर की एक छात्रा संक्रमित पाई गई है, जिसके कारण वह परीक्षा नहीं दे पा रही है। छात्रा ने विभागाध्यक्ष से दोबारा परीक्षा देने की अनुमति मांगी है। वह 24 अगस्त को होने वाले पेपर में नहीं बैठ सकेगी। विभागाध्यक्ष ने छात्रा को परीक्षा नियंत्रक से बात करने के लिए कहा है। हालांकि परीक्षा नियंत्रक ने संक्रमित पाए जाने वाले विद्यार्थियों की सर्शत दोबारा परीक्षा लेने की बात कही है। उधर, अन्य विद्यार्थियों का कहना है कि संक्रमित छात्रा अगर परीक्षा देने आती है तो उन्हें भी संक्रमण होने का खतरा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से कोरोना जांच के लिए शिविर लगाने की मांग की है।
------
जो विद्यार्थी कोरोना संक्रमित आ रहे हैं, उन्हें पत्र लिखकर अपनी समस्या रखनी होगी। उसके बाद उनका रिकॉर्ड चेक किया जाएगा। जो विद्यार्थी संक्रमित होने की वजह से परीक्षा में शामिल नहीं हो पा रहे, उनकी अलग से परीक्षाएं ली जाएगी।
- प्रो. संजीव महाजन परीक्षा नियंत्रक, जम्मू विश्वविद्यालय