सांबा। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) सांबा ने कृषि स्नातक छात्रों के लिए कॅरियर सह ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम करवाया। इसमें युवा पेशेवरों को कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में विविध कॅरियर अवसरों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में 100 से अधिक कृषि स्नातक छात्रों ने भाग लिया। केवीके के विभागाध्यक्ष प्रो. संजय खजूरिया ने एसकेयूएएसटी-जम्मू के कृषि स्नातकों के लिए उपलब्ध कॅरियर के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने नवाचार, उद्यमिता और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में युवा कृषि पेशेवरों की ओर से निभाई जा सकने वाली महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। वानिकी और कृषि वानिकी क्षेत्रों में उभरते अवसरों पर भी प्रकाश डाला। डॉ. नीरजा शर्मा ने बागवानी क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और संभावनाओं के बारे में बात की और छात्रों को उद्यमिता और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. अजय कुमार, डॉ. शालिनी ने भी विचार रखे। संवाद