सुंदरबनी काॅलेज में केंद्रीय बजट 2026-27 पर जागरूकता सत्र हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
नौशेरा। राजकीय डिग्री कॉलेज सुंदरबनी में वीरवार को मिशन युवा के तहत केंद्रीय बजट पर जागरूकता सत्र करवाया गया। इसमें छात्रों को नवाचार, राेजगार और युवा सशक्तीकरण से जोड़ने के लिए मंथन किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों को केंद्रीय बजट में रोजगार-उन्मुख अवसरों के बारे में जागरूक किया गया। प्रिंसिपल डॉ. वंदना वर्मा ने उद्यमिता तथा इसके बढ़ते महत्व और विकसित भारत के राष्ट्रीय विजन को साकार करने में इसकी भूमिका पर विचार रखे। अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. पिंकी रकवाल ने बजट के उद्देश्य और महत्व के बारे में बताया। मिशन युवा के कैंपस नोडल अधिकारी प्रो. अटल भारती ने मिशन युवा के उद्देश्यों के बारे में चर्चा की। उन्होंने मिशन युवा मोबाइल एप्लिकेशन का भी प्रदर्शन किया। इसमें इसकी विशेषताओं, पंजीकरण प्रक्रिया और छात्रों के लिए मुफ्त में उपलब्ध विभिन्न क्षेत्रों के ऑनलाइन कौशल विकास पाठ्यक्रमों के बारे में बताया। कार्यक्रम में विक्रम मल्होत्रा ने केंद्रीय बजट के मुख्य तथ्यों आंकड़ों और युवा-केंद्रित प्रावधानों को स्पष्ट किया। उच्च शिक्षा संस्थानों, नवाचार, उद्यमिता और भविष्य के रोजगार के अवसरों को आकार देने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। सत्र में 200 से अधिक छात्रों ने भाग लिया।