संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। बुद्धल शिक्षा जोन के सरकारी मिडिल स्कूल पलवाड़कस में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से बीते पांच दिनों से मिड-डे मील नहीं पक रहा है। इससे छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी है। जानकारी के अनुसार स्कूल में खाना पकाने के लिए सिलिंडर में 29 अप्रैल को गैस खत्म हो गई थी लेकिन नया सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। अभिभावक फारूक अहमद, तनवीर इकबाल, अजहर अहमद आदि का कहना है कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का इस तरह ठप होना चिंताजनक है। लोगों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल्द एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए।
हेडमास्टर शब्बीर अहमद ने माना कि सिलिंडर खत्म होने से स्कूल में पांच दिन से मिड-डे मील नहीं पका है। बीते सोमवार राजोरी स्थित गैस एजेंसी में गए थे। एजेंसी वालों ने स्कूल के नाम तीन सिलिंडर उपलब्ध करने के लिए गैस कॉपी पर लिखित में दिया था लेकिन मंगलवार को स्कूल के पास वाहन नहीं रोका और सिलिंडर नहीं दिया। इसके बाद कोटरंका स्थित गैस एजेंसी में गए तो वहां भी सिलिंडर नहीं मिला है।