बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है आवेदन-पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजाें में काउंसिलिंग के सभी राउंड संपन्न होने के बाद भी कई सीटें खाली रह गई हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन छह सितंबर तक किया जा सकता है। आवेदन ऑफलाइन करना होगा। आवेदन शुल्क एक हजार रुपये रखा गया है।
अभ्यर्थी जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जाम (जेकेबीओपीईई) की आधिकारिक वेबसाइट www.jkbopee.gov.in पर जाकर आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन के लिए आवेदक का भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित अनिवार्य विषयों के साथ 10+2 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण किया होना आवश्यक है। ओपन मेरिट समेत ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवेदकों के लिए 45 प्रतिशत, जबकि आरक्षित श्रेणी के आवेदकों के लिए अर्हता परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक की बाध्यता रखी गई है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरविंदर राज वर्मा के अनुसार आवेदन के लिए उम्मीदवार का जम्मू-कश्मीर या लद्दाख का निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी को फीस भुगतान ऑनलाइन करना होगा। यह भुगतान वे पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) टर्मिनल के माध्यम से कर सकते हैं, जो टर्मिनल बीओपीईई के जम्मू और श्रीनगर कार्यालय में उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपने क्रेडिट अथवा डेबिट कार्ड का इस्तेमाल फीस भुगतान के लिए कर सकते हैं।
जेकेपीएससी की वेबसाइट का सर्वर डाउन
जम्मू में लगातार मौसम खराब बने होने के बाद कई इलाकों में कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है। इंटरनेट नहीं चल पा रहा है। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पब्लिक सर्विस कमीशन (जेकेपीएससी) की वेबसाइट का भी सर्वर डाउन रहा। इस वजह से वेबसाइट से अपडेट पाने वाले अभ्यर्थी परेशान दिखे। ब्यूरो