- दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक पेपर, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए समय शाम 6:20 रखा
- जम्मू जिले में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए, 13,684 अभ्यर्थियों के आने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी सिलसिले में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अनसूया जम्वाल ने वीरवार को बैठक कर व्यवस्था का जायजा लिया।
बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम पर चर्चा की गई। बैंकों की जिम्मेदारी, परीक्षा केंद्रों के सुपरिंटेंडेंट के काम, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंध और बाकी सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने खास तौर पर उम्मीदवारों की सुविधा पर जोर देते कहा कि जांच और तलाशी के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पूरी प्रक्रिया आसान और सुचारु तरीके से होनी चाहिए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की समस्या न आए।
पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर दो से शाम 5:15 तक होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए समय शाम 6:20 रखा गया है।
जम्मू जिले में 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 13,684 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें आईआईएम जम्मू, आईआईटी जम्मू, जम्मू विश्वविद्यालय, शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय समेत कई बड़े शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय, आर्मी पब्लिक स्कूल, सरकारी कॉलेज और सरकारी स्कूलों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, परीक्षा केंद्रों के प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।