- 550 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लिया हिस्सा, ईमानदारी और जवाबदेही को बताया जरूरी
- डिजिटल सेवाओं, स्मार्ट जम्मू और साइबर अपराध पर हुई बहस, दो प्रस्ताव बहुमत से पारित
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भ्रष्टाचार के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को गुलशन ग्राउंड स्थित पुलिस ऑडिटोरियम में युवा संसद और जागरूकता कार्यक्रम करवाया। इसका थीम ईमानदारी से समृद्धि रखा गया।
कार्यक्रम में जम्मू के विभिन्न कॉलेजों के करीब 550 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। एसीबी निदेशक शक्ति कुमार पाठक ने कहा कि समाज से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। युवाओं को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाकर ईमानदार व्यवस्था बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा संसद रही। इसमें 35 विद्यार्थियों ने तीन मुद्दों पर चर्चा की। इनमें राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं, स्मार्ट जम्मू की वास्तविक स्थिति और पुलिस विभाग की साइबर अपराध से निपटने की तैयारियों पर बहस हुई। मतदान में राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े प्रस्ताव बहुमत से पारित हुए। स्मार्ट जम्मू से संबंधित प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। करीब 400 विद्यार्थियों और अधिकारियों ने साइबर अपराध, स्मार्ट सिटी और राजस्व रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण से जुड़े 30 सवालों वाली प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रो. कुलवंत सिंह और एसएसपी एसीबी जम्मू शिवदीप सिंह ने भी विचार रखे