दीपावाली बाजार
- पारंपरिक जयपुरी और हैंडब्लॉक प्रिंट के साथ आधुनिक डिजाइन भी बाजार में छाए
- कंफर्ट सेट और सजावटी कुशन कवर की मांग बढ़ी, 500 से 5000 रुपये तक के विकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। दिवाली के त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। घरों की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ लोग सजावट के लिए नए फर्निशिंग उत्पाद भी खरीद रहे हैं। बाजार में बेडशीट, कंफर्टर सेट और सजावटी कुशन कवर की मांग बढ़ रही है। इस बार पारंपरिक जयपुरी और हैंडब्लॉक प्रिंट के साथ 3डी, 7डी, क्विल्टेड और कैसमेट्स डिजाइन वाली बेडशीट ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इनमें 7डी बेडशीट लोगों की खास पसंद बनी हुई है।
-
लाइव तस्वीरों जैसा एहसास देती 7डी बेडशीट
फर्निशिंग बाजार के दुकानदार विपुल के अनुसार, दिवाली पर लोग घर के बेडरूम को नया और आकर्षक रूप देने के लिए अलग-अलग डिजाइन की बेडशीट पसंद कर रहे हैं। 7डी बेडशीट पर फूलों, पत्तियों और अन्य आकृतियों के डिजाइन काफी वास्तविक दिखाई देते हैं। इनकी कीमत करीब 2000 से 5000 रुपये तक है। वहीं, 3डी बेडशीट उभरे हुए डिजाइन और आकर्षक प्रिंट के कारण पसंद की जा रही हैं। इनकी कीमत 500 से 1000 रुपये तक है। ग्राहक कमरे की सजावट और अन्य फर्निशिंग के रंगों से मेल खाते डिजाइन चुन रहे हैं।
-
जयपुरी और हैंडब्लॉक प्रिंट का आकर्षण बरकरार
आधुनिक डिजाइनों के बीच पारंपरिक जयपुरी और हैंडब्लॉक बेडशीट की मांग भी बनी हुई है। हैंडब्लॉक बेडशीट पर हाथ से ब्लॉक की मदद से प्रिंट तैयार किया जाता है। इनकी कीमत 1300 से 1500 रुपये तक है। वहीं, रंग-बिरंगे प्रिंट और पारंपरिक कारीगरी वाली जयपुरी बेडशीट 500 से 1000 रुपये तक उपलब्ध हैं। दिवाली पर घर को पारंपरिक और आकर्षक रूप देने के लिए ग्राहक इन विकल्पों को भी पसंद कर रहे हैं। दुकानों में अलग-अलग रंगों और प्रिंट के विकल्प मौजूद हैं।
-
कंफर्ट सेट और गिफ्ट बेडशीट भी पसंद
सर्दियों की शुरुआत को देखते हुए कंफर्ट सेट भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। इनमें बेडशीट और कंफर्टर एक साथ मिलते हैं, जिससे मैचिंग डिजाइन चुनना आसान होता है। इनकी कीमत करीब 2000 से 5000 रुपये तक है। इसके अलावा क्विल्टेड बेडशीट, कैसमेट्स डिजाइन और सजावटी कुशन कवर भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 500 रुपये से शुरू होती है। त्योहार पर रिश्तेदारों और दोस्तों को उपहार देने के लिए आकर्षक पैकिंग वाली गिफ्ट बेडशीट भी खरीदी जा रही हैं।