- जेकेटीएफ ने भविष्य निधि और बीमा मामलों के समाधान की भी मांग उठाई
- जनरल लाइन टीचर्स फोरम ने वित्त और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की मुलाकात
जम्मू। जम्मू संभाग में शिक्षा विभाग के शिक्षक और कर्मचारी दिसंबर का वेतन न मिलने से आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। बजट की कमी के कारण वेतन जारी न होने से घर खर्च, किस्तों और बच्चों की पढ़ाई जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। समस्या को लेकर जनरल लाइन टीचर्स फोरम और जम्मू-कश्मीर टीचर्स फोरम ने सरकार से जल्द समाधान मांग की है।
जनरल लाइन टीचर्स फोरम के अध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि जम्मू संभाग के शिक्षा विभाग के कर्मचारी प्रभावित हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू और स्कूल शिक्षा विभाग सचिवालय में तैनात वित्त विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की जा चुकी है। वित्त विभाग के विशेष सचिव राकेश से बजट की अनुपलब्धता के कारण बनी स्थिति पर चर्चा हुई। इसके बाद प्रमुख सचिव संतोष डी वैद्य से मिले। उन्होंने अधिकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। फोरम ने यह मांग भी रखी कि कोषागार आमतौर पर 14 तारीख के बाद वेतन के बिल स्वीकार नहीं करते, इसलिए विशेष निर्देश जारी किए जाएं, ताकि बजट स्वीकृत होते ही लंबित वेतन का भुगतान किया जा सके।
जेकेटीएफ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद अशरफ शेख ने दिसंबर का वेतन जारी न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संशोधित बजट को समय पर मंजूरी न मिलने से शिक्षक वेतन से वंचित हैं।