विवि प्रशासन से बातचीत की जानकारी देता एबीवीपी का प्रतिनिधिमंडल स्रोत - एबीवीपी
- फोटो : samvad
- चौथे दिन भी जारी रहा धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि को लेकर एबीवीपी और विवि प्रशासन के बीच शनिवार को हुई वार्ता बेनतीजा रही। एबीवीपी ने चौथे दिन भी अपना अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा और मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
फीस वृद्धि के विरोध के बीच विविद्या प्रशासन ने एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। बैठक में अकादमिक मामलों के डीन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और अन्य प्रोफेसर मौजूद रहे। एबीवीपी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बढ़ाई गई फीस वापस लेने, हर साल 10 फीसदी फीस बढ़ाने के प्रस्ताव को रद्द करने की मांग दोहराई। बैठक में इसपर कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता बेनतीजा रहने के बाद एबीवीपी ने धरना जारी रखने का फैसला किया है। एबीवीपी के प्रदेश सचिव सनक श्रीवत्स का कहना है कि फीस वृद्धि से छात्रों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।