अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के डिग्री कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित होने जा रहे हैं। इसके लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस काम को अगले साल 31 मार्च तक पूरा किया जाना है। परियोजना का जिम्मा जम्मू संभाग के नोडल प्रिंसिपल को सौंपा गया है।
पढ़ाई के परंपरागत तरीके की तुलना में एक स्मार्ट क्लासरूम में पढ़ाई आसान हो जाती है। इसमें इंटरैक्टिव व्हाइटबोर्ड, प्रोजेक्टर और डिजिटल टचस्क्रीन शामिल होती है। इससे ऑनलाइन मैटीरियल को छात्रों के साथ साझा किया जा सकता है। इसमें मल्टीमीडिया यानी वीडियो, एनिमेशन और सिमुलेशन का इस्तेमाल भी संभव होता है। छात्रों की प्रगति के संबंध में रीयल-टाइम फ़ीडबैक लिया जा सकता है। पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता के लिए योजना (एसएएससीआई) के अंतर्गत इन कक्षाओं का निर्माण किया जाना है।
इस संबंध में वित्तीय आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) शांतमनु की ओर से आदेश किया गया है। इसमें कहा गया है कि स्मार्ट क्लासरूम के लिए मंजूर धनराशि का 75 फीसदी इस्तेमाल 31 दिसंबर तक किया जाना है।
क्लास रूम के लिए सारी खरीद एसएएससीआई की गाइड लाइन के मुताबिक ही होगी। खरीद में समयावधि, मौसम के हालात, उत्पादों की गुणवत्ता और दरों की एकरूपता को ध्यान में रखा जाएगा। खरीद ई-मार्केट प्लेस (जीईएम) से ही की जाएगी। किसी भी कारण से प्रशासन की ओर से मंजूर लागत में बढ़ोत्तरी की इजाजत नहीं होगी। जम्मू संभाग के नोडल प्रिंसिपल को निष्पादन एजेंसी के काम शुरू करने के बाद मासिक आधार पर कार्य की प्रगति के बारे में विभाग को अवगत कराना होगा।