क्लस्टर विवि जम्मू के वीसी के लिए दोबारा आवेदन मांगे, पहली बार नहीं मिला था योग्य उम्मीदवार
- क्लस्टर विवि श्रीनगर में भी प्रक्रिया जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। क्लस्टर विश्वविद्यालय जम्मू और श्रीनगर को इस शैक्षणिक सत्र में नए वाइस चांसलर मिलेंगे। दोनों विवि के वर्तमान वीसी का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसके बाद अब नए वीसी की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्लस्टर विवि जम्मू नए वाइस चांसलर की नियुक्ति के लिए दोबारा आवेदन मांगे गए है। अब 21 मई तक आवेदन करना होगा। जबकि क्लस्टर विवि श्रीनगर में प्रक्रिया शुरू हो गई है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो जून-जुलाई तक नए कुलपतियों की नियुक्ति हो जाएगी।
क्लस्टर विवि जम्मू के वीसी का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हुआ था। इसके बाद क्लस्टर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आवेदन मांगे थे, लेकिन कोई योग्य उम्मीदवार नहीं मिला था। अब विवि ने दोबारा आवेदन मांगे है।इस पद के लिए आने वाले आवेदनों की जांच के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। समिति आवेदकों में कुछ नाम की सिफारिश एलजी प्रशासन को भेजेगी, जिसके बाद नए वीसी की नियुक्ति होगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवार विश्वविद्यालय में प्रोफेसर का दस साल का अनुभव होना चाहिए। आयु 65 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए, जबकि वेतन 2,10,000 हर महीने होगा। जम्मू क्लस्टर विवि के अधीन शहर के पांच कॉलेज आते हैं। वर्तमान वीसी प्रो. बेचन लाल को 2021 में तीन साल के लिए नियुक्त किया था। उनका कार्यकाल पूरा हो गया है। श्रीनगर में नए वीसी की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी का पहले ही गठन किया गया है। वर्तमान वीसी प्रो. (डॉ) क्यूम हुसैन का कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो गया है। ऐसे में नए शैक्षणिक सत्र से दोनों क्लस्टर विश्वविद्यालयों को नए वीसी मिलेंगे।