सांबा। जिले के नड़ में जवाहर नवोदय विद्यालय ने नवोदय स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इससे लोग भाव विभाेर हो गए।
कक्षा सातवीं की राफिया, 11वीं के सुजल, दीप्ति व 12वीं की राघवी शर्मा व हरिओम ने नवोदय विद्यालय में अनुभवों को कविताओं के माध्यम से साझा किया। उन्होंने नवोदय विद्यालय में मिले अवसरों, अनुशासित वातावरण व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नवोदय विद्यालय समिति का आभार प्रकट किया। प्राचार्य सुनीत गुप्ता ने कहा कि नवोदय विद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो हर बच्चे को समान अवसर प्रदान करता है। उपप्राचार्य डॉ. डीएस सकलानी ने कहा कि नवोदय विद्यालयों की सबसे बड़ी ताकत इनकी विविध ओर एकता है। विभिन्न पृष्ठ भूमियों से आए हुए बच्चे जब एक साथ रहते हैं तो उनमें राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सौहार्द की भावना विकसित होती है। विद्यालय के इतिहास शिक्षक व नवोदय के पूर्व छात्र सरवर हुसैन ने बताया कि नवोदय विद्यालय ने उन्हें देशभर में सेवा का अवसर प्रदान किया, जिसमें उत्तर-पूर्वी क्षेत्र भी शामिल है। विद्यालय के जीवविज्ञान शिक्षक एवं जवाहर नवोदय विद्यालय कठुआ के भूतपूर्व छात्र अशोक कुमार ने अपने छात्र जीवन के सात वर्षों और शिक्षक के रूप में अरुणाचल प्रदेश व सांबा के अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के संगीत शिक्षक रईस की ओर से नवोदय विद्यालय पर प्रस्तुति रही। कार्यक्रम का आयोजन अशोक कुमार, मलकीत सिंह, सरवर हुसैन, इरशाद अहमद, ज्योति कटोच एवं किरण भगत ने किया।