जम्मू कश्मीर में सरकार गठन के कुछ दिनों बाद मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने विधायकों को विधानसभा में अच्छे आचरण करने लिए क्लास लगवाई थी। लेकिन अब उसका असर होते हुए नहीं दिख रहा है।
बिजली प्रोजेक्ट वापस लेने के मुद्दे पर अवाम को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने शुक्रवार को विधानमंडल में जमकर हंगामा किया। विधानसभा में भोजनावकाश के बाद भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। भोजनावकाश के पहले विधायकों के बीच हाथापाई की नौबत भी आई।
शुक्रवार को शिक्षा संबंधी मुद्दों पर विधायकों को बहस में भाग लेना था। वहीं, शिक्षा मंत्री को शिक्षा के विस्तार पर सरकार का रूख पेश करते हुए जवाब देना था। शिक्षा मंत्री की ओर से कुछ स्कूलों के विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया था। विद्यार्थी पूरे उत्साह से पब्लिक गैलरी में बैठे थे, लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया।
गैलरी में बैठे विद्यार्थी यह सब देखकर हैरान रह गए। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उन्हें ऐसा दृश्य देखने को मिलेगा। मार्शल से हाथापाई के क्रम में नेकां विधायक अब्दुल मजीद लारवी घायल हो गए। उन्हें कंधे पर चोट आई है। स्पीकर के आदेश से नेकां और कांग्रेस के पांच विधायक मार्शल आउट किए गए।
इस सब हंगामें के बाद शिक्षा मंत्री नईम अख्तर काफी असहज दिखे। उन्होंने सदन में कहा कि मैंने विद्यार्थियों को अपनी विभाग की ग्रांट पर बहस देखने के बुलाया था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके बाद शिक्षा मंत्री पत्रकारों से बात करते-करते रो पड़े।
वीडियो देखने के लिए यहां पर क्लिक करें-