आरएस पुरा। आठवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणामों में वार्ड-8 स्थित ब्लॉसम हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बेहतर अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल प्रबंधन ने कार्यक्रम का आयोजन कर बेहतर अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य दिनेश रैना की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन सतपाल पप्पी मुख्य तौर पर मौजूद थे। जिन्होंने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें मुबारकबाद दी और उनका हौसला बढ़ाया।
प्रधानाचार्य दिनेश रैना ने कहा कि स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है और विद्यार्थियों ने बेहतर अंक हासिल किए हैं, जिसका श्रेय स्कूल के अध्यापकों को जाता है, जिन्होंने पूरी मेहनत के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाया। छात्रा रिद्धिमा ने दूसरी, तान्या ने तीसरी, सोनम ने चौथी सिमरन ने नौवी रजनी, बलजीत ने दसवीं पोजीशन हासिल की है। वही भावना शर्मा पुत्री दलीप शर्मा इंदिरा मेमोरियल एकेडमी जस्सौर 93.5फीसदी अंक प्राप्त किए। भावना शर्मा ने कहा कि मैं डॉक्टर बन लोगों की सेवा करना चाहती हूं।
----------------
आधिरा ने आठवीं कक्षा में हासिल किए 99.5 फीसदी अंक
अखनूर। कस्बे के वार्ड नंबर दो की आधिरा नरेंद्र सिंह ने आठवीं कक्षा के परिणाम में 99.5 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल व माता-पिता का नाम रोशन किया। अधिरा ने कहा कि इस सफलता में माता-पिता, स्कूल के टीचर्य स्टाफ और मेरे दादा-दादी सभी का आशीर्वाद और सहयोग रहा है। मेरा सपना है कि कानून की पढ़ाई करके एक मुकाम पर पहुंच कर लोगों की सेवा करूं और गरीब बेसहारा लोगों को इंसाफ दिला सकूं। सभी एक लक्ष्य लेकर पढ़ाई करें। घंटों पढ़ने की भी जरूरत नहीं होती है। इस मौके पर माता-पिता और दादा-दादी भी मौजूद रहे। संवाद
करुणा शर्मा ने किया परगवाल का नाम रोशन
परगवाल। राज्य शिक्षा बोर्ड की तरफ से आठवीं कक्षा के घोषित परिणामों में सीमा क्षेत्र परगवाल की करुणा शर्मा ने 200 में से 198 अंक लेकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उसकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि करुणा के सिर पर पिता और दादा का साया न होने के बावजूद उसने दिखा दिया कि मेहनत करके किसी भी मंजिल को छुआ जा सकता है। करुणा अखनूर के किड्स प्लांट स्कूल की छात्रा है। वह माता और दादी के साथ रहती है। करुणा ने बताया कि वह बड़ी होकर माता-पिता का नाम रोशन करना चाहती है। संवाद
----------------------
डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करने की इच्छा
अखनूर। गांव सुंगल में न्यू बाल शिक्षा केंद्र की छात्रा प्रणवी जसरीन कौर निवासी सुंगल ने आठवीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक लेकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रणवी ने बताया कि उसकी डॉक्टर बन कर गरीबों की सेवा करने की इच्छा है। संवाद
-------------
त्रेवा की बेटी ने आठवीं कक्षा में हासिल किए 199 अंक
अरनिया। शिक्षा जोन अरनिया के सीमावर्ती गांव त्रेचा की नंदनी चौधरी ने 200 में से 199 अंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं गांव सहित अभिभावकों में भी उसकी सफलता पर खुशी है। नंदनी चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में सुविधाओं का अभाव होने के बावजूद भी मैंने अपने शिक्षा स्तर को इस मुकाम तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है। इसका श्रेय शिक्षकों व माता पिता को है।
------------------
विद्यार्थियों का मुंह मीठा कराया
आजाद हाई स्कूल कल्याणा में आठवीं कक्षा में बेहतर परिणाम आने पर कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। आजाद हाई स्कूल कल्याण की तरफ से सम्मान समारोह का आयोजन कर आठवीं कक्षा में बेहतर अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूल के चेयरमैन बलवंत सिंह मांडला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्कूल स्टाफ के अन्य सदस्य भी विशेष तौर पर मौजूद थे।
स्कूल के चेयरमैन ने आठवीं कक्षा में बेहतर अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों का मुंह मीठा कराया तथा उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करते हुए उनका हौसला भी बढ़ाया। चेयरमैन ने कहा कि स्कूल का परीक्षा परिणाम काफी बेहतर रहा है और स्कूल के अध्यापकों की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। क्योंकि उन्होंने पूरी मेहनत व लगन से बच्चों को पढ़ाया। स्कूल का परीक्षा परिणाम काफी बेहतर रहा है। स्कूल के विद्यार्थियों ने पोजीशन तथा डिस्टिंक्शन हासिल कर क्षेत्र का नाम भी ऊंचा किया। कार्यक्रम में मौजूद सूरत सिह चाढ़क ने विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की कामना की और कड़ी मेहनत करने के लिए कहा ताकि वह देश की बेहतरी कर सके।