जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के अधीन आते कालेजों में यूजीसी निर्देशावली के तहत प्रशिक्षुता इंटर्नशिप कार्यक्रम को अकादमिक काउंसिल ने मंजूरी दे दी है। रोजगार उन्मुख इस कार्यक्रम के शुरू होने से विद्यार्थियों को रोजगार मिलने की संभावनाएं और बढ़ जाएंगी।
जम्मू विवि के वीसी प्रो. मनोज धर की अध्यक्षता में हुई अकादमिक काउंसिल की बैठक में यूजीएस निर्देशावली के तहत कार्यक्रम चलाने पर सहमती जताई गई। काउंसिल ने विश्वविद्यालय के उधमपुर कैंपस में सोलर और एलईडी तकनीक पर दो कौशल विकास कोर्स के अलावा बेकरी में कोर्स शुरू करने को भी मंजूरी दी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए काउंसिल ने उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के तहत कौशल विकास पर सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने पर भी सहमती जताई। पीएचडी कार्यक्रम में दाखिलों और रिसर्च स्कालरों की समस्याओं को हल करने के लिए काउंसिल ने वीसी द्वारा सेंट्रलाइज रिसर्च एडमिशन कमेटी, रिसर्च एपीलेटी कमेटी और रिसर्च ग्रिवांस कमेटी का जम्मू विश्वविद्यालय में पहली बार गठन करने के प्रयास की भी सराहना की।
विश्वविद्यालय इंडस्ट्री पार्टनरशिप पर नीतिगत दस्तावेज तैयार करने पर भी सहमती जताई गई। अकादमिक काउंसिल ने कई पैरा मेडिकल कोर्स, जिसमें मेडिकल लैब में बीएससी, ऑपरेशन थियेटर तकनीक, रेनल डायलसीस तकनीक, कार्डियाक केयर तकनीक आदि विषयों पर कोर्स शुरू कने को भी मंजूरी प्रदान की। प्रो. मनोज धर ने कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सलाहकार राजीव राय भटनागर का जम्मू विवि को हर मामले पर दिए जा रहे सहयोग पर आभार प्रकट करते हुए कहा कि जम्मू विवि अकादमिक, रिसर्च और अन्य पाठयक्रम गतिविधियों में शानदार कार्य कर रहा है। मौके पर अकादमिक मामलों के डीन प्रो. नरेश पाधा, रजिस्ट्रार प्रो. अरविंद जसरोटिया, सीडीसी निदेशक प्रो. रजनी कांत, परीक्षा कंट्रोलर प्रो. जसबीर सिंह, योजना और विकास डीन प्रो. आर. के गंजू आदि मौजूद रहे।
----------
फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थी जुलाई और अगस्त में होंगे उत्तीर्ण
वीसी ने कहा कोरोना काल में इस बार अकादमिक काउंसिल की बैठक को ऑफलाइन और पेपरलेस तरीके से सभी निर्देशावली का पालन करते हुए आयोजित किया गया है। कोरोना काल में फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थियों को परेशान नहीं किया गया। इस साल फाइनल सेमेस्टर के विद्यार्थी जुलाई और अगस्त महीने में उत्तीर्ण होंगे। करीब 150 रिसर्च स्कालरों को पीएचई डिग्री दी गई हैं। उन्होंने कहा वार्षिक तौर पर जम्मू विवि करीब 4000 परीक्षाएं आयोजित करवा रहा है।