जम्मू। जेकेएसएसबी की तरफ से पंचायत अकाउंट असिस्टेंट की लिखित परीक्षा मंगलवार को प्रदेश भर में हुई। इसमें 1.90 लाख उम्मीदवारों में से 80 फीसदी ने परीक्षा दी। परीक्षा में उम्मीदवारों को अकाउंटेंसी और इकोनॉमिक्स के प्रश्न कठिन लगे। परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 750 के करीब केंद्र बनाए गए थे। 1889 पदों पर भर्ती होनी है। परीक्षा के बाद अब चयन सूची जारी होगी, जिसमें हर जिले की अलग से मेरिट बनेगी। मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों का चयन होगा।
परीक्षा देने आए संदीप कुमार ने कहा कि पेपर सिलेबस के अनुरूप था, लेकिन अकाउंटेंसी और इकोनॉमिक्स से जुड़े प्रश्नों ने काफी परेशान किया। सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों में प्रदेश का पहला प्रधानमंत्री, पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, प्रदेश का आखिरी प्रधानमंत्री व पहला मुख्यमंत्री और जम्मू संभाग में उगने वाली दो प्रमुख फसलों से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे। वहीं एक अन्य परीक्षार्थी विंकल कुमार ने कहा कि परीक्षा काफी कठिन थी। परीक्षा केंद्रों में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन न के बराबर था। इकोनॉमिक्स और अकाउंटेंसी से जुड़े प्रश्नों ने परेशान किया। अब मेरिट पर चयन निर्भर करेगा। बता दें, जेकेएसएसबी ने पहली बार जिला स्तर पर परीक्षा का आयोजन किया था। इसके लिए जिला एडीसी को पर्यवेक्षक बनाया गया था।