जम्मू। आतंक रोधी अभियानों के चलते कभी मोबाइल और इंटरनेट पूरी तरह से बंद रहता तो कभी इंटरनेट की स्पीड 2जी तक मिल पाती। पुलवामा के बासित बिलाल ने कहा, ऐसे हालात में शिक्षकों ने बहुत मदद की। विशेष मोबाइल एप बनवाई, जिससे पढ़कर नीट में 695 अंक हासिल कर जम्मू-कश्मीर में टॉप किया।
बासित को इस सफलता पर उप राज्यपाल के सलाहकार फारूक खान ने शनिवार को बासित बिलाल को सम्मानित किया। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के नरवा गांव के रहने वाले बासित का देश में 188 रैंक है। सलाहकार ने बासित को प्रिंसिपल्स ऑफ इंटरनल मेडिसिन ऑफ वॉल्यूम 1 और 2 और गॉन्ग रिव्यू ऑफ मेडिकल फिजियोलॉजी किताबें उपहार में दीं। बासित ने बताया कि 2जी इंटरनेट स्पीड में पढ़ाई करना बेहद मुश्किल हो रहा था। शिक्षक ने विशेष एप तैयार करवाया और फिर पढ़ाई की सामग्री एप से भेजते रहे। बासित के शिक्षक ने कहा कि देश में टॉप करने वाले अभ्यर्थी ने जिन सुविधाओं के साथ पढ़ाई की है, वही बासित को मिलतीं तो 18 वर्षीय बासित भी टॉपर होता।
-----------------------------------------------------
शरणजीत ने नीट में हासिल किए 682 अंक
बडगाम जिले के शरणजीत सिंह को नीट में दूसरे प्रयास में सफलता मिली है। शरणजीत ने 682 अंकों के साथ जम्मू-कश्मीर में दूसरा स्थान हासिल किया है। उसने बताया कि वह वर्तमान में श्रीनगर के आलूचा बाग में रहते हैं। स्कूली शिक्षा टिंडेल बिसको स्कूल से हासिल की है। इससे पहले भी पिछले साल नीट की परीक्षा दी थी और 296 अंक हासिल किए थे। दोबारा प्रयास में 682 अंक मिले हैं। शरणजीत की ऑल इंडिया रैंक 504 है।
जम्मू-कश्मीर में टॉप पांच में जयवीर भी
श्रीनगर के रंगरेथ इलाके के रहने वाले जयवीर ने 720 में से 675 अंक हासिल कर ऑल इंडिया 953 रैंक हासिल किया है और स्टेट में टॉप पांच में आए हैं। जयवीर ने कहा कि यह मेरा पहला प्रयास था और कड़ी मेहनत के बाद सफलता मिली। सबसे ज्यादा श्रेय अपनी मां को देना चाहूंगा, उन्होंने मेरे साथ सबसे ज्यादा मेहनत की।