महबूबा मुफ्ती पीडीपी की अध्यक्ष हैं
- फोटो : फाइल
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि अगले दो वर्ष में व्यापक आर्थिक बदलाव नजर आने लगेंगे। खासकर बागवानी और कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं।
महबूबा ने फल उत्पादकों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत में यह भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बागवानी में पैदावार और विपणन दोनों के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यूरोप से हाई डेंसिटी किस्म के पौधे लाए गए हैं। आयातित पौधे न सिर्फ कम समय में ही पैदावार देने लगते हैं, बल्कि उत्पादन क्षमता के लिहाज से भी यह पौधे बेहतर विकल्प हैं।
पैदावार बढ़ाने के लिए पेस्टिसाइड टेस्टिंग और सॉयल टेस्टिंग के लिए जगह-जगह प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। महबूबा ने कहा अनंतनाग, शोपियां और डोडा में फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा नाबार्ड के तहत किसान घर और मल्टी-कमोडिटी कोल्ड स्टोर कोलकाता में मंजूर किया गया है।
राज्य में 21 सैटेलाइट फ्रूट एंड वेजिटेबल मार्केट प्रस्तावित हैं। इन पर 118.82 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व कश्मीर इकोनामिक अलायंस के चेयरमैन मोहम्मद यासीन खान कर रहे थे।