जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को देर रात भूकंप के झटके लगे हैं। झटके लगते ही लोग दहशत के चलते घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर पैमाने पर 5.4 की तीव्रता मापी गई। लगातार 2 बार झटके महसूस किए गए हैं। जम्मू, डोडा, श्रीनगर, उधमपुर समेत पूरे राज्य में झटके महसूस किए गए।
इससे पहले भी हिमाचल में मंगलवार दोपहर 3:51 बजे भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर 3.2 की तीव्रता मापी गई। भूकंप का केंद्र चंबा में जमीन से पांच किलोमीटर नीचे रहा। भरमौर, पांगी, मनाली और आस पास के इलाकों में ज्यादा दहशत रही।
हालांकि, जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग में फागली उत्सव मना रहे लोगों में दहशत फैल गई।
बर्फबारी के बीच कुछ देर के लिए लोग कामकाज छोड़ सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार चंबा की पहाड़ी रेंज से सटे ऊपरी इलाकों में भूकंप का ज्यादा असर देखने को मिला। यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से संवेदनशील जोन पांच में आता है।