उत्तरी भारत के साथ साथ शनिवार को घाटी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस दौरान लोग सुरक्षित स्थानों के लिए भागते नजर आए। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे मध्य तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर आ गए।
श्रीनगर के बीचो बीच स्थित लाल चौक में इस दौरान एक दम से लोगों का जमावड़ा लग गया। स्थानीय निवासी जुबैर मकबूल ने बताया कि वह तीसरी मंजिल पर अपने दफ्तर में काम कर रहे थे।
इसी दौरान भूकंप के झटके आए। जिसके बाद लोग दफ्तर से बाहर की ओर भागने लगे। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों के भीतर घाटी में कई भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं इसलिए लोग खौफजदा हैं।
भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 रिकॉर्ड की गई और इसका केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश में था। इन झटकों से किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।