जम्मू विश्वविद्यालय में गुरुवार को ई-रिक्शा रैली का आयोजन किया गया। रैली विवि के गेट से शुरू होकर पूरी विश्वविद्यालय से होते हुए गेट पर खत्म हुई। इसे डीन एकेडमिक अफेयर्स एवं प्रोफेसर नरेश पाधा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में छात्रों और अन्य लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। ई -रिक्शा रैली का आयोजन पर्यावरण विज्ञान विभाग और ग्रीन कैंपस टास्क फोर्स जम्मू विश्वविद्यालय की ओर से किया गया।
जम्मू विश्वविद्यालय में जल्द ही ई-रिक्शा दौड़ती दिखेंगी। विश्वविद्यालय परिसर को पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषण मुक्त करने के लिए यह अनोखी पहल जल्द शुरू होने जा रही है। यह बातें पर्यावरण विज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर दीपिका स्लाथिया ने ई -रिक्शा रैली के दौरान कहीं। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य स्वस्थ जीवन के लिए जम्मू को पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं और ई -वाहनों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
प्रोफेसर दीपिका स्लाथिया ने बताया कि विश्वविद्यालय आने वाले छात्रों और आगंतुकों के लिए ई-रिक्शा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें बैठकर वे कैंपस का भ्रमण कर सकेंगे। हम इसे शुरू करने से पहले एक परीक्षण करना चाहते थे और देखना चाहते थे की लोगों की क्या प्रतिक्रिया रहती है।
उन्होंने बताया कि आमतौर पर नामांकन के दौरान विवि में आने वालों की गाड़ियां ज्यादा होने से जाम की समस्या हो जाती है। इससे वायु के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण भी होता है। ई -रिक्शा की सुविधा होने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और कैंपस प्रदूषण मुक्त भी होगा।