- पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत जम्मू में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी
- प्रदूषण में कमी के साथ ही हरित जम्मू की दिशा में बढ़ाया कदम, सिविल वर्क के लिए टेंडर जारी
जम्मू। सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने ई-बस डिपो के निर्माण कार्य को हरी झंडी दी है। भगवती नगर में 15.95 करोड़ रुपये से प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत काम शुरू होगा। इसके अलावा ई-बसों के बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया है।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सहायक कार्यकारी अभियंता विवेक चोपड़ा ने बताया कि परियोजना को पूरा करने के लिए ई-बस डिपो के सिविल वर्क का टेंडर जारी कर दिया है, जिसे 14 फरवरी को खोला जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। नौ माह के भीतर काम निपटाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्तावित ई-बस डिपो में बसों की पार्किंग, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, वर्कशॉप, कंट्रोल रूम और कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। डिपो के तैयार होते ही चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
100 नई बसें भी होंगी शामिल
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 100 नई ई-बसें खरीदने की भी तैयारी है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में यह बसें खरीदी जा रही हैं। इससे लोगों को एक से दूसरी जगह तक पहुंचने में राहत मिल सकेगी।
कुछ महीनों से डिपो के लिए प्रक्रिया चल रही थी जिसे अब मंजूरी मिल गई। नया ई-बस डिपो तैयार होने के बाद शहर में इलेक्ट्रिक बसों का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को आरामदायक परिवहन सुविधा मिलेगी। यह परियोजना न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि स्वच्छ और हरित जम्मू की दिशा में भी अहम साबित होगी।
- डॉ. देवांश यादव नगर आयुक्त जम्मू