अधिकारियों की बैठक में उपस्थित मंडल आयुक्त रमेश कुमार और आईजीपी भीम सेन तुती। सूचना विभाग
जम्मू। नशे के कारोबार और नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने चौतरफा चक्रव्यूह रच दिया है। नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के दो महीने की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडल आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक जम्मू जोन भीम सेन ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। अब तक की कार्रवाई में नशा तस्करों की 19.30 करोड़ रुपये की 62 अचल संपत्तियों को ध्वस्त किया जा चुका है जबकि 24.868 करोड़ रुपये की 21 अचल संपत्तियां और 1.69 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां जब्त/कुर्क की गई हैं।
मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने सभी उपायुक्तों को डेटा आधारित हॉटस्पॉट प्रबंधन करने और नए उभरते नशा केंद्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रग कंट्रोलर से कहा कि वे मेडिकल स्टोर और केमिस्ट शॉप की सघन जांच करें। प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। आईजी ने अभियान की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि समाज से नशे के अभिशाप को जड़ से मिटाने के लिए प्रयास को और तेज करना होगा।